चमोली में 608 उप प्रधान पदों के लिए चुनाव 15 जुलाई को, अधिसूचना जारी।
चमोली, 8 जुलाई। जनपद चमोली में उप प्रधान पंचायत सामान्य निर्वाचन-2026 की अधिसूचना जारी कर दी गई है। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गौरव कुमार ने राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखण्ड के निर्देशों के क्रम में निर्वाचन कार्यक्रम घोषित किया है। जनपद की 608 ग्राम पंचायतों में रिक्त उप प्रधान पदों के लिए 15 जुलाई, 2026 को चुनाव कराया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 जुलाई को सुबह 10:00 बजे से 11:00 बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। इसके बाद 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर 12:00 बजे से 12:30 बजे तक नाम वापसी, 12:30 बजे से 1:00 बजे तक चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा। मतदान दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक होगा, जबकि शाम 4:00 बजे से मतगणना शुरू कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नामांकन पत्रों की बिक्री 8 जुलाई से 14 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संबंधित क्षेत्र पंचायत मुख्यालयों पर की जाएगी। वहीं, निर्वाचन दिवस 15 जुलाई को सुबह 8:00 बजे से 9:30 बजे तक भी संबंधित ग्राम पंचायत में निर्धारित स्थान पर नामांकन पत्र उपलब्ध रहेंगे।
विकासखंडवार निर्वाचन क्षेत्रों के अनुसार ज्योतिर्मठ में 58, दशोली में 67, नन्दानगर (घाट) में 54, कर्णप्रयाग में 94, पोखरी में 73, गैरसैंण में 95, नारायणबगड़ में 75, थराली में 46 तथा देवाल विकासखंड में 46 उप प्रधान पदों के लिए निर्वाचन कराया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया उत्तर प्रदेश पंचायती राज (सदस्यों, प्रधानों एवं उप प्रधानों का निर्वाचन) नियमावली, 1994 (उत्तराखण्ड में यथावत प्रवृत्त) तथा राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए हैं।


