युवाओं के सर्वांगीण विकास पर फोकस, 'मेरा युवा भारत' की जिला युवा सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न।
चमोली, 8 जुलाई। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में बुधवार को 'मेरा युवा भारत (MY Bharat)' की जिला युवा सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए युवाओं के कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता, स्वयंसेवा, रोजगार, खेल और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए समन्वित रणनीति तैयार करने पर जोर दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने कहा कि 'मेरा युवा भारत' का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें विकास कार्यक्रमों का सक्रिय भागीदार बनाना है। उन्होंने सभी विभागों को युवाओं से जुड़े कार्यक्रमों में बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
बैठक में जिला युवा अधिकारी ने 'मेरा युवा भारत' की अवधारणा, उद्देश्य और वार्षिक कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि संस्था के माध्यम से युवाओं को स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास, कौशल उन्नयन, सामाजिक नवाचार, खेल, शिक्षा, उद्यमिता और सामुदायिक सहभागिता जैसे क्षेत्रों में अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा युवाओं के लिए संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई। बैठक में युवाओं को आजीविका एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने, विभागीय गतिविधियों का बेहतर समन्वय करने तथा युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए समेकित कार्ययोजना तैयार करने पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागों के बीच बेहतर तालमेल, कार्यक्रमों की दोहराव से बचने, नियमित मॉनिटरिंग तथा रोजगार, खेल, शिक्षा, उद्योग एवं स्वरोजगार से जुड़े अवसरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी पंकज उप्रेती, जिला युवा कल्याण अधिकारी धीरेन्द्र सिंह द्विवेदी, जिला क्रीड़ा अधिकारी मोहित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


