पूर्व विधायक मनोज रावत ने हादसे में मृत देवेश सिंह के परिजनों से की मुलाकात, हरसंभव मदद का भरोसा।
रुद्रप्रयाग। पूर्व विधायक केदारनाथ मनोज रावत ने हाल ही में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर जंगलचट्टी के पास चीरबासा क्षेत्र में पत्थर गिरने की घटना में जान गंवाने वाले बड़ासू निवासी युवक देवेश सिंह के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।
मनोज रावत ने दिवंगत देवेश सिंह के माता-पिता से मिलकर उनके दुख में सहभागिता जताई। उन्होंने कहा कि परिवार पहले ही अपनी एकमात्र विवाहित बेटी को खो चुका था और अब इकलौते जवान बेटे की असामयिक मृत्यु से माता-पिता के जीवन का सहारा भी छिन गया है।
उन्होंने बताया कि बीमार दंपति के परिवार में अब कोई कमाने वाला सदस्य नहीं बचा है, जिससे परिवार गंभीर आर्थिक और सामाजिक संकट का सामना कर रहा है।
पूर्व विधायक ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया और प्रशासन से भी परिवार की आर्थिक सहायता के लिए संवेदनशीलता के साथ आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।


