सतेराखाल में मोबाइल नेटवर्क का संकट, कॉल करने के लिए पहाड़ों की चोटियों पर चढ़ने को मजबूर ग्रामीण।
सतेराखाल। डिजिटल इंडिया के दौर में भी सतेराखाल क्षेत्र के ग्रामीण आज तक मोबाइल नेटवर्क जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। क्षेत्र में नेटवर्क की स्थिति इतनी खराब है कि एक फोन कॉल करने या जरूरी संदेश भेजने के लिए लोगों को पहाड़ों की ऊंची चोटियों तक जाना पड़ता है।
नेटवर्क की समस्या के कारण बीमार व्यक्तियों, विद्यार्थियों और आम लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर संपर्क न हो पाने से लोगों की चिंता और बढ़ जाती है। ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार सरकार और संबंधित विभागों से मोबाइल नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है। लगातार हो रही उपेक्षा पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए क्षेत्र में जल्द से जल्द बेहतर मोबाइल नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।


