दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत।
तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत।
दो गंभीर रूप से घायल।
हरिद्वार (रुड़की)। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाले सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां कोतवाली रुड़की क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। यह टक्कर इतनी भयानक थी कि तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। भिड़ंत की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मृतकों के शवों के टुकड़े सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए।
जानकारी के अनुसार, यह रूह कंपा देने वाली घटना सोमवार रात करीब 10:45 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों मोटरसाइकिलें बेहद तेज रफ्तार में थीं। रुड़की इलाके में अचानक दोनों गाड़ियां अनियंत्रित होकर सीधे एक-दूसरे से टकरा गईं। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। राहगीरों ने तुरंत इस खौफनाक मंजर की सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
दुर्घटना से जुड़े कुछ विचलित करने वाले वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें सड़क पर शवों के अवशेष और मांस के टुकड़े बिखरे दिखाई दे रहे हैं। हादसे में दोनों मोटरसाइकिलें पूरी तरह से चकनाचूर हो गई हैं। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त बाइकों में से एक पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी, जबकि दूसरी बाइक पर उत्तर प्रदेश (UP) की नंबर प्लेट लगी हुई थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों गंभीर रूप से घायल युवकों को एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस मृतकों और घायलों की शिनाख्त करने के साथ ही मामले की जांच में जुट गई है।


