जनता मिलन में 106 शिकायतें, आयुक्त ने अधिकारियों को लगाई फील्ड में दौड़।
**गोपेश्वर।** जिला सभागार में सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में ग्रामीणों और आमजन की **106 समस्याएं और शिकायतें** सामने आईं। गढ़वाल मंडल आयुक्त **आनंद स्वरूप** ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का समाधान केवल कार्यालयों में बैठकर कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि अधिकारी **मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति की जांच करें और समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करें।**
आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जो शिकायतें तत्काल हल नहीं हो सकती हैं, उनका नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण किया जाए और **वास्तविक शिकायतों का 15 दिन के भीतर समाधान** सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्या सुनना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी उसका धरातल पर समाधान करना भी है।
जनता मिलन में **जस्यारा निवासी सोवती देवी** ने विवाह सहायता योजना का मामला उठाया। आयुक्त ने श्रम अधिकारी को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं **रणजीत लाल** ने प्रधानमंत्री आवास योजना में आपत्ति के साथ स्वास्थ्य संबंधी परेशानी भी बताई। इस पर आयुक्त ने सीएमओ को एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाकर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। आवास संबंधी मामले में एसडीएम कर्णप्रयाग को पात्रता की जांच के निर्देश दिए गए।
**नैग्वाड़ निवासी सच्चिदानंद तिवाड़ी** ने अवैध अतिक्रमण और कृषि लीज पट्टा भूमि का मामला उठाया। आयुक्त ने भूमि की पैमाइश और पट्टे की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। **कुजौ मैकोट के अजय भंडारी** ने किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की, जिस पर मुख्य कृषि अधिकारी को पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।
**देवर खडोरा की विजया देवी** ने पति से भरण-पोषण नहीं मिलने और आवास की समस्या बताई। आयुक्त ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से अधिवक्ता उपलब्ध कराने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने और पेंशन संबंधी कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम प्रधान संगठन ने **मनरेगा भुगतान और विलेज डेवलपमेंट प्लान** सहित विभिन्न समस्याएं उठाईं। वहीं **सुभाष नगर की अनुसूया प्रसाद** ने नाली से दूषित पानी की समस्या रखी। आयुक्त ने जल संस्थान और नगर निकाय के अधिकारियों को मौके पर सर्वे कर **स्थायी समाधान** के निर्देश दिए।
सबसे गंभीर मामला **ब्रह्मसैण की उषा देवी** ने भू-धंसाव को लेकर उठाया। लोक निर्माण विभाग ने बताया कि सुरक्षा कार्य शुरू कर दिया गया है। आयुक्त ने कहा कि यदि प्रस्ताव उनके स्तर से स्वीकृत होना है तो सभी औपचारिकताएं पूरी कर तत्काल प्रस्तुत किया जाए, ताकि धनराशि की स्वीकृति में देरी न हो।
### शिकायतें सिर्फ फाइलों में न रहें: आयुक्त
आयुक्त आनंद स्वरूप ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता मिलन में प्राप्त शिकायतों को **केवल पत्राचार और फाइलों तक सीमित न रखा जाए।** अधिकारी संबंधित गांव और मौके पर जाकर समस्या की वास्तविकता जांचें और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में **फील्ड विजिट बढ़ाने और ग्रामीणों से सीधा संवाद** करने को कहा।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि भविष्य में जनता मिलन कार्यक्रमों के साथ **स्वास्थ्य शिविर** भी आयोजित किए जाएं, ताकि दूरदराज से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचने वाले ग्रामीणों को शिकायत समाधान के साथ आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं भी मिल सकें।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी **गौरव कुमार**, पुलिस अधीक्षक **सुरजीत सिंह पंवार**, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


