बीन नदी में पलटा मैक्स वाहन, दो लोग फंसे; SDRF ने जान पर खेलकर दोनों को सुरक्षित निकाला।
ऋषिकेश। बीन नदी में मंगलवार रात एक मैक्स वाहन के पलटने से उसमें सवार दो व्यक्ति फंस गए। नदी का जलस्तर बढ़ा होने और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। सूचना मिलते ही SDRF की टीमों ने मौके पर पहुंचकर दोनों व्यक्तियों को सकुशल बाहर निकाल लिया।
पुलिस चौकी पशुलोक बैराज से रात करीब 9:20 बजे बीन नदी में मैक्स वाहन पलटने और उसमें लोगों के फंसे होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पोस्ट ढालवाला से अपर उप निरीक्षक महावीर चौहान के नेतृत्व में SDRF टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंची टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं दूसरा व्यक्ति वाहन के अंदर फंसा हुआ था। बीन नदी का जलस्तर अत्यधिक बढ़ा होने के कारण वाहन तेज बहाव में कुछ दूरी तक बह गया, जिससे दूसरे व्यक्ति को बाहर निकालना SDRF के लिए बड़ी चुनौती बन गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक कविंद्र सजवान के नेतृत्व में SDRF की दूसरी टीम भी मौके पर पहुंची। दोनों टीमों ने आपसी समन्वय से अभियान चलाते हुए वाहन में फंसे दूसरे व्यक्ति को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया।


