बसुकेदार में बड़ा हादसा: ट्रॉले से 10 मीटर नीचे गिरी पोकलैंड मशीन, एक घायल।
रुद्रप्रयाग। बसुकेदार में रविवार को उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब मोटरमार्ग खोलने के लिए ले जाई जा रही पोकलैंड मशीन ट्रॉले से अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 10 मीटर नीचे जा गिरी। हादसे में मशीन के साथ मौजूद 47 वर्षीय व्यक्ति घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार पोकलैंड मशीन को छेनागाड़ से विनो बैंड के समीप बाधित मोटरमार्ग को खोलने के लिए ले जाया जा रहा था। बसुकेदार मुख्य बाजार से करीब 100 मीटर आगे पहुंचते ही अचानक ट्रॉला चालक को सड़क पर मौजूद लोगों की आवाज सुनाई दी। चालक ने तत्काल ब्रेक लगाया, लेकिन ट्रॉले पर रखी भारी-भरकम मशीन असंतुलित हो गई और सड़क से नीचे पलट गई।
हादसे में दलसिंगी निवासी 47 वर्षीय रोशन लाल घायल हुए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे लोगों ने रेस्क्यू कर घायल को बाहर निकाला और उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बसुकेदार पहुंचाया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने हादसे में एक व्यक्ति के घायल होने की पुष्टि की है। गनीमत रही कि पोकलैंड मशीन के सड़क से नीचे गिरने के दौरान कोई बड़ा जनहानि का हादसा नहीं हुआ।


