अतिवृष्टि से परकण्डी की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों पर मंडराया पेयजल संकट।
रुद्रप्रयाग। अतिवृष्टि के कारण न्याय पंचायत परकण्डी के वार्ड संख्या-04 में उथिंड के पास जमरगढ़ पेयजल स्रोत की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। पेयजल लाइन टूटने से क्षेत्र के ग्रामीणों के सामने पेयजल आपूर्ति बाधित होने की समस्या खड़ी हो गई है।
ग्रामीणों की समस्या की जानकारी मिलने पर जिला पंचायत सदस्य परकण्डी वार्ड-04 एवं प्रदेश प्रवक्ता, प्रदेश जिला पंचायत सदस्य संगठन प्रीति पुष्पवाण ने तत्काल पेयजल निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, रुद्रप्रयाग से संपर्क कर मामले से अवगत कराया।
प्रीति पुष्पवाण के अनुसार अधिशासी अभियंता ने मामले का त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। विभाग की ओर से जल्द क्षतिग्रस्त पेयजल पाइपलाइन का सुधारीकरण कराने की बात कही गई है, ताकि ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े।
अतिवृष्टि के बाद पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अब ग्रामीणों की नजर विभाग की कार्रवाई पर टिकी है। जिला पंचायत सदस्य ने कहा कि क्षेत्रवासियों की मूलभूत समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और पेयजल आपूर्ति जल्द बहाल कराने के लिए प्रयास जारी हैं।


