सोनगाड के पास बड़ा हादसा टला, ब्रेक फेल होने से पलटा टेंपो ट्रेवलर।
उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोनगाड के समीप रविवार को यात्रियों से भरा टेंपो ट्रेवलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। वाहन में गुजरात के 17 यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान टेंपो ट्रेवलर के अचानक ब्रेक फेल हो गए। चालक ने वाहन को संभालने का प्रयास किया, लेकिन नियंत्रण नहीं हो सका और वाहन सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं।
हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल गंगनानी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। पुलिस और संबंधित विभाग की टीम ने घटना की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह वाहन का ब्रेक फेल होना सामने आया है। गंगोत्री हाईवे पर इस घटना ने एक बार फिर वाहनों की फिटनेस और तकनीकी जांच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।


