सिंघाड़ाग में मिनी स्टेडियम की मांग पर फिर उठा सवाल, वन पंचायत की भूमि हस्तांतरण की फाइल अटकी!

सिंघाड़ाग में मिनी स्टेडियम की मांग पर फिर उठा सवाल, वन पंचायत की भूमि हस्तांतरण की फाइल अटकी!
खबर शेयर करें:

सिंघाड़ाग में मिनी स्टेडियम की मांग पर फिर उठा सवाल, वन पंचायत की भूमि हस्तांतरण की फाइल अटकी!

कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने डीएम से की मुलाकात, ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग।



नारायणबगड़। ग्रामसभा बोगोटा के अंतर्गत सिंघाड़ाग तोक में प्रस्तावित खेल मैदान एवं मिनी स्टेडियम निर्माण का मामला एक बार फिर प्रशासन के दरवाजे तक पहुंच गया है। खेल मैदान के लिए प्रस्तावित वन पंचायत भागोटा की भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित किए जाने की मांग को लेकर कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र पंचायत एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी चमोली से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सिंघाड़ाग तोक में खेल मैदान निर्माण की मांग लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा की जा रही है। ग्रामीण युवाओं और खिलाड़ियों को खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यहां मिनी स्टेडियम बनाए जाने का प्रस्ताव रखा गया है।

उन्होंने कहा कि 1 जुलाई 2026 को तहसील दिवस एवं ‘जनता की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के दौरान भी यह मुद्दा प्रशासन के समक्ष रखा गया था। उस दौरान वन विभाग, युवा कल्याण विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण कर वन पंचायत भागोटा की भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात कही गई थी।

लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि कार्यवाही का आश्वासन मिलने के बावजूद आज तक भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई है। इससे क्षेत्र में मिनी स्टेडियम निर्माण की योजना अधर में लटकी हुई है और युवाओं को खेल मैदान की सुविधा से वंचित होना पड़ रहा है।

ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी से मांग की गई कि मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं और संयुक्त निरीक्षण एवं भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया को जल्द पूरा कराया जाए, ताकि सिंघाड़ाग में प्रस्तावित खेल मैदान एवं मिनी स्टेडियम का निर्माण शुरू हो सके।

क्षेत्रवासियों ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन खेल मैदान और बुनियादी सुविधाओं के अभाव में युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में मिनी स्टेडियम का निर्माण क्षेत्र के युवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।


खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->