जिंदगी बचाने वाली 108 खुद हुई बेबस! बीच सड़क खराब हुई एंबुलेंस, एक घंटे तक लगा जाम।
मरीजों की जान बचाने दौड़ने वाली 108 ने सड़क पर दिया जवाब, खराबी के चलते यातायात हुआ बाधित।
**चमोली।** आपातकालीन स्थिति में मरीजों की जान बचाने के लिए दिन-रात दौड़ने वाली 108 एंबुलेंस व्यवस्था की बदहाली उस वक्त सामने आ गई, जब 108 वाहन बीच रास्ते में खराब हो गया। वाहन खराब होने के कारण हल्दापानी सड़क पर करीब **एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
108 एंबुलेंस के खराब होने से एक बार फिर आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों पर सवाल खड़े हो गए हैं। जिस वाहन से गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने की उम्मीद रहती है, अगर वही बीच सड़क में जवाब दे जाए तो आपात स्थिति में मरीजों की जान पर कितना बड़ा संकट खड़ा हो सकता है, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि लगातार मरीजों की सेवा में दौड़ने वाली 108 एंबुलेंस के रखरखाव की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? समय पर मरम्मत और तकनीकी जांच नहीं होने का खामियाजा न केवल 108 कर्मियों बल्कि आम जनता को भी भुगतना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि खराब 108 वाहनों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें पूरी तरह दुरुस्त रखा जाए, ताकि आपातकाल के समय मरीजों को सड़क पर खड़े वाहन और जाम जैसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।


