बद्रीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी कांड में तीसरा आरोपी गिरफ्तार।
कमरे से आभूषण, नकदी और चोरी की तस्वीरें बरामद।
चमोली। श्री बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के चढ़ावे और दान सामग्री की चोरी के चर्चित मामले में चमोली पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मनोज कुमार के रूप में हुई है, जो जोशीमठ के लामबगड़ स्थित जेपी पावर वेंचर्स लिमिटेड की जलविद्युत परियोजना में सुरक्षाकर्मी के पद पर कार्यरत था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी परियोजना के अधिकारियों के अतिथियों और रिश्तेदारों को वीआईपी दर्शन कराने के लिए समय-समय पर श्री बद्रीनाथ मंदिर भेजा जाता था। इसी दौरान वह थाली भेंट गणना कक्ष तक पहुंच बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब SIT ने 25 और 29 जून की सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से परीक्षण किया। फुटेज में आरोपी बार-बार थाली भेंट में आए दान के आभूषण और अन्य सामग्री अपनी जेब में रखते हुए दिखाई दिया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने जब उसे सीसीटीवी फुटेज दिखाई तो उसने चोरी की बात स्वीकार कर ली।
आरोपी ने बताया कि चोरी की गई कुछ सामग्री उसने अपने लामबगड़ स्थित कमरे में छिपाकर रखी थी, जबकि कुछ सामान यात्रियों को बेच दिया। बिक्री से मिली राशि में से कुछ पैसे उसके कमरे से बरामद हुए और बाकी रकम उसने अतिथियों के सत्कार में खर्च करने की बात स्वीकार की।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन की रिसायकल बिन से चोरी किए गए सामान की तस्वीरें भी मिलीं। पूछताछ में उसने बताया कि वह चोरी के बाद सामान को अपने कमरे में बेडशीट पर सजाकर उसकी फोटो खींचता था और बाद में तस्वीरें मोबाइल से डिलीट कर देता था।
आरोपी की निशानदेही पर उसके कमरे से चांदी और पीली धातु के आभूषण, सिक्के, एक प्रतिमा, कंगन, ब्रेसलेट, मोर पंख व लाल नग युक्त धातु का दंड, चोरी की बिक्री से मिले ₹6,000 नकद तथा वह बेडशीट बरामद की गई जिस पर सामान रखकर तस्वीरें ली जाती थीं।
गौरतलब है कि इस मामले में पहले ही मंदिर समिति के कर्मचारी प्रमोद नौटियाल और पूर्व कर्मचारी राजेंद्र चौहान को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


