गैरसैंण के सैंजी में मकान का पुश्ता धंसा, आवासीय भवन पर मंडराया भूस्खलन का खतरा।
**गैरसैंण
विकासखंड गैरसैंण के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-109 पर सैंजी गांव में ब्रह्मानंद मनोड़ी के मकान के आंगन का पुश्ता धंसकर सड़क किनारे पहुंच गया। पुश्ता धंसने से आवासीय मकान के भूस्खलन की चपेट में आने का खतरा बढ़ गया है।
घटना की जानकारी पीड़ित परिवार ने उपजिलाधिकारी गैरसैंण सहित नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी को दी। सूचना मिलने के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक सुरक्षात्मक एवं उचित कार्रवाई करने की मांग की, ताकि परिवार के आवासीय भवन को संभावित नुकसान से बचाया जा सके।
मौके पर सैंजी वार्ड के सभासद दयाल सिंह भी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से जल्द सुरक्षा कार्य कराने की मांग की है।


