SGRR कॉलेज फायरिंग का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दिनदहाड़े गोलियां चलाने वाले तक पहुंची पुलिस! कार भी बरामद।
पटेलनगर में दो गुटों के विवाद के बाद हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग, एक युवक हुआ था गंभीर घायल—बाकी आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश।
**देहरादून।** पटेलनगर स्थित SGRR कॉलेज के बाहर दिनदहाड़े हुई फायरिंग की सनसनीखेज वारदात में देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए **मुख्य आरोपी को गिरफ्तार** कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है। वारदात के बाद से फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान **रोहित पुत्र प्रदीप सिंह, निवासी ग्राम दल्हेड़ी, थाना बड़गांव, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश** के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी वर्तमान में देहरादून के एक कॉलेज में **होटल मैनेजमेंट का छात्र** है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त **HR-51-AZ-0890 नंबर की कार** भी बरामद की है। फायरिंग की इस वारदात के बाद कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया था।
बताया गया कि SGRR कॉलेज के बाहर **दो गुटों के बीच विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और कई राउंड फायरिंग** कर दी गई। गोलीबारी में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दिनदहाड़े हुई इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए थे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अब **फायरिंग में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी**, घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और विवाद की पूरी कड़ी खंगालने में जुटी है। पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


