टनल हादसे के पीड़ित श्रमिकों को 45 लाख रुपये मुआवजे पर समझौता, एक सप्ताह बाद आंदोलन समाप्त।

टनल हादसे के पीड़ित श्रमिकों को 45 लाख रुपये मुआवजे पर समझौता, एक सप्ताह बाद आंदोलन समाप्त।
खबर शेयर करें:

टनल हादसे के पीड़ित श्रमिकों को 45 लाख रुपये मुआवजे पर समझौता, एक सप्ताह बाद आंदोलन समाप्त।

दिवंगत श्रमिकों के परिजनों को सभी देय क्लेम सहित मिलेगी सहायता राशि, EPF का दावा अलग से


चमोली, 21 अगस्त। विष्णुगाड़ जलविद्युत परियोजना में 13 अगस्त को हुए दर्दनाक टनल हादसे के बाद मुआवजे को लेकर चल रहा श्रमिकों का आंदोलन आखिरकार समाप्त हो गया है। उप जिलाधिकारी चमोली की मध्यस्थता में THDC प्रबंधन, हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी (HCC) इंडिया लिमिटेड और हिन्दुस्तान फेडरेशन यूनियन के बीच हुई वार्ता में मुआवजे को लेकर सहमति बन गई।

समझौते के अनुसार हादसे में दिवंगत श्रमिकों के परिजनों को सभी प्रकार के देय क्लेमों को मिलाकर 45 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त श्रमिकों के परिजनों को EPF का दावा अलग से देय होगा।

एक सप्ताह से चल रहा था आंदोलन

टनल हादसे के बाद उचित मुआवजे और अन्य मांगों को लेकर हिन्दुस्तान फेडरेशन यूनियन पिछले एक सप्ताह से आंदोलनरत थी। आंदोलन के चलते परियोजना का कार्य भी प्रभावित हो रहा था। शुक्रवार को हुई निर्णायक वार्ता में सभी पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद यूनियन ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा कर दी।

इसके साथ ही विष्णुगाड़ जलविद्युत परियोजना का कार्य पुनः शुरू हो गया है।

प्रशासन की मध्यस्थता में बनी सहमति

उप जिलाधिकारी चमोली की मध्यस्थता में आयोजित संयुक्त बैठक में यूनियन द्वारा पूर्व में दिए गए मांग पत्र पर विस्तार से चर्चा की गई। सकारात्मक वार्ता के बाद परियोजना प्रबंधन ने प्रमुख मांगों पर सहमति व्यक्त की, जिसके बाद सभी पक्षों के बीच समझौता संपन्न हुआ।

बैठक में श्रमिक हितों की सुरक्षा, परियोजना स्थल पर सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने और परियोजना के कार्यों के सुचारू संचालन के लिए आपसी सहयोग बनाए रखने पर भी सहमति बनी।

बैठक में THDC की ओर से अधिशासी निदेशक अजय वर्मा, महाप्रबंधक (ईएम) रविन्द्र राणा, अपर महाप्रबंधक विद्युत गृह शम्भू प्रसाद डोभाल तथा वरिष्ठ प्रबंधक मानव संसाधन एवं प्रशासन वीरेन्द्र दत्त भट्ट उपस्थित रहे।

HCC इंडिया लिमिटेड की ओर से परियोजना प्रबंधक विनोद कुमार, अधिशासी सिविल विनय कुमार उपाध्याय एवं वरिष्ठ प्रबंधक मानव संसाधन गौतम विश्वास बैठक में शामिल हुए।

वहीं हिन्दुस्तान फेडरेशन यूनियन की ओर से महामंत्री सोहन कुमार, उपाध्यक्ष गोपाल सिंह नेगी, कार्यालय सचिव समीर शाह, सह सचिव सूरज कुमार, संगठन मंत्री जितेन्द्र कुमार, कोषाध्यक्ष पवन खंडूरी तथा सदस्य संदीप नेगी, विजय नेगी, लोकेन्द्र सिंह एवं बद्री लाल उपस्थित रहे।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->