तेज बरसाती बहाव में बही क्रेटा, युवक समेत दो की मौत।
एक युवती घायल अवस्था में मिली, घटनास्थल से दो किलोमीटर दूर SDRF ने किया रेस्क्यू।
देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के लोअर कंडोली स्थित पौंधा रोड पर कंडोली पुल के पास सोमवार देर रात तेज बरसाती बहाव में एक क्रेटा कार बह गई। हादसे के समय कार में एक युवक और दो युवतियां सवार थे। सूचना मिलते ही SDRF की डाकपत्थर टीम ने मौके पर पहुंचकर रातभर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया। अभियान के दौरान एक युवती को घायल अवस्था में सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि युवक समेत एक अन्य युवती के शव बरामद किए गए।
जानकारी के मुताबिक, देर रात क्रेटा कार संख्या RJ 13 CE 5641 के कंडोली पुल के समीप तेज पानी के बहाव में बहने की सूचना SDRF को मिली। सूचना मिलते ही अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में डाकपत्थर से SDRF टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने के बाद जवानों ने अंधेरे, तेज बारिश और उफनते बरसाती बहाव के बीच सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर सहज पुत्री गुलशन बवेजा घायल अवस्था में मिलीं। SDRF जवानों ने उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
सर्च अभियान के दौरान अक्षय पुत्र मुकेश (20), निवासी जयपुर, राजस्थान का शव भी बरामद किया गया। इसके अलावा वाहन में सवार एक अन्य युवती का शव भी टीम को मिला। दोनों शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
तेज बारिश और लगातार बढ़ते बरसाती पानी के बीच SDRF जवानों ने पूरी रात आसपास के क्षेत्र में सर्चिंग अभियान जारी रखा। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर घटना की जांच और अन्य आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।


