एक साथ बुझ गए भाई-बहन के जीवन के दीप, श्रीनगर में छाया मातम।
मालाकुंठी में कार-डंपर की भीषण भिड़ंत में भक्तियाना के ऋषभ और रक्षा की मौत, दो घायल।
श्रीनगर गढ़वाल, 31 अगस्त। ऋषिकेश के समीप मालाकुंठी में सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने श्रीनगर के भक्तियाना क्षेत्र के एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। कार और डंपर की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में सेमवाल परिवार के भाई-बहन ऋषभ सेमवाल और रक्षा सेमवाल की मौत हो गई। एक ही परिवार के दो बच्चों की असमय मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
बताया जा रहा है कि बदरीनाथ हाईवे पर मालाकुंठी के पास एक कार की सामने से आ रहे डंपर से जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि कार डंपर के नीचे जा घुसी। हादसे में कार सवार ऋषभ और रक्षा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और राहत एवं बचाव कार्य किया।
परिजनों के अनुसार, रक्षा सेमवाल कीर्तिनगर स्थित अस्पताल में लैब टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत थीं। वहीं, उनके भाई ऋषभ सिंचाई विभाग में अवर अभियंता (जेई) के साथ अस्थायी तौर पर कार्य करते थे। उनके पिता राकेश सेमवाल सिंचाई विभाग में प्रशासनिक अधिकारी बताए जा रहे हैं।
परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे लोग
भाई-बहन की एक साथ हुई मौत की खबर से भक्तियाना में हर कोई स्तब्ध है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही रिश्तेदारों, परिचितों और क्षेत्रवासियों का उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गया। हर कोई परिवार को ढांढस बंधाने में जुटा है।
क्षेत्रवासियों ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि दो युवाओं का इस तरह असमय दुनिया से चले जाना पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। लोगों ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।


