मोरखण्डा नदी में भारी मलबा आने से बढ़ा जलस्तर, मंदाकिनी नदी के लिए भी अलर्ट।
रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही बारिश के बीच बनतोली के पास आज शाम चट्टान का एक हिस्सा टूटकर मोरखण्डा नदी में जा गिरा। इसके चलते नदी में भारी मात्रा में मलबा और पत्थर पहुंचने से जलस्तर बढ़ गया है। प्रशासन ने इसके प्रभाव से मंदाकिनी नदी के जलस्तर में भी अचानक वृद्धि की आशंका जताते हुए तटीय क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया है।
मामले की सूचना डीडीआरएफ मद्महेश्वर की ओर से मिलने के बाद रिन्यू जल विद्युत परियोजना, कुण्ड को तत्काल अलर्ट पर रखा गया है। वहीं, नगर पालिका रुद्रप्रयाग सहित नगर पंचायत तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि और ऊखीमठ में लाउडस्पीकर के माध्यम से मुनादी कराकर नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क किया जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी, गदेरों और घाटों के समीप न जाएं और संवेदनशील एवं तटीय क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र या स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई है।
प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देकर आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने को कहा गया है।


