केदारनाथ यात्रा मार्ग पर पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक व्यक्ति की मौत, एक गंभीर रूप से घायल।
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बड़ा हादसा: पहाड़ी से पत्थर गिरने से नेपाली मूल के व्यक्ति की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
रुद्रप्रयाग: केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सोनप्रयाग स्थित हनुमान मंदिर के पास एक बड़ा और दर्दनाक हादसा सामने आया है। यात्रा मार्ग पर अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर गिरने के कारण एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक व्यक्ति नेपाली मूल का निवासी बताया जा रहा है। वहीं, इस हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति स्थानीय निवासी है। घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव टीमों सहित स्थानीय प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। प्रशासन ने घायल व्यक्ति को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
इस दुखद हादसे के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने यात्रा मार्ग के संवेदनशील और भूस्खलन संभावित इलाकों में संचालित दुकानों को तुरंत हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में इस तरह की अप्रिय घटनाओं को रोका जा सके।


