हीटर के अंदर छिपा रखा था चोरी का खजाना, 3 वारदातों का खुलासा ।
हल्द्वानी (नैनीताल) नैनीताल जनपद की लालकुआं कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी और नकबजनी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है
पुलिस ने बंद मकानों को अपना निशाना बनाने वाले एक ऐसे शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से करीब 35 लाख रुपये के सोने के कीमती आभूषण बरामद हुए हैं ।
बिन्दुखत्ता चौकी प्रभारी गौरव जोशी को मिली गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर बरेली (उत्तर प्रदेश) के शातिर चोर भानु प्रताप (21) को गिरफ्तार किया। आरोपी बिन्दुखत्ता क्षेत्र में चोरी के आभूषण बेचने की योजना बना रहा था।
पुलिस तलाशी में आरोपी के पास से एक इलेक्ट्रिक हीटर बरामद हुआ, जिसके अंदर छिपाकर रखे गए सोने के जेवरात पुलिस ने बरामद कर लिए।पूछताछ में आरोपी ने हल्द्वानी और लालकुआं में 3 बड़ी चोरियों की बात कबूली है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।


