देवप्रयाग के तीनधारा में टेंपो ट्रैवलर और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत।
चालक समेत दो लोग घायल।
देवप्रयाग: ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग के तीनधारा क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहां सक्षम होटल के समीप एक टेंपो ट्रैवलर और ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में टेंपो ट्रैवलर के चालक हरदीप सिंह (45 वर्ष) और वाहन में सवार यात्री धीरज कुमार (35 वर्ष) को चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों और सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
दोनों घायलों को बिना वक्त गंवाए तत्काल नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।


