नदी में कूदने जा रही महिला को समय रहते किया सुरक्षित रेस्क्यू।
चमोली पुलिस की सतर्कता से बची एक ज़िंदगी।
कर्णप्रयाग/चमोली। चमोली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी दक्षता और मानवीय संवेदनशीलता के चलते एक महिला दी में कूदने जा रही महिला को समय रहते किया सुरक्षित रेस्क्यू जान बच गई। गहरे मानसिक तनाव में नदी में कूदकर आत्मघाती कदम उठाने जा रही महिला को पुलिस ने समय रहते खोजकर सुरक्षित बचा लिया।
जानकारी के अनुसार, थाना थराली क्षेत्र की एक महिला 11 जून से बिना बताए घर से चली गई थी। परिजनों ने 12 जून को इसकी सूचना पुलिस को दी। इसी दौरान महिला का व्हाट्सएप घर पर मौजूद मोबाइल फोन में लॉगिन होने के कारण ऐसे संदेश प्राप्त हुए, जिनसे उसके नदी में कूदकर कोई अप्रिय कदम उठाने की आशंका जताई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। एसओजी की मदद से महिला की मोबाइल लोकेशन का लगातार ट्रैक किया गया, जबकि पुलिस टीमें संभावित क्षेत्रों में खोजबीन और वाहनों की सघन चेकिंग में जुट गईं। साथ ही नदी किनारों पर भी व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।
लगातार प्रयासों के बाद महिला की लोकेशन सिमली क्षेत्र के पड़ूली गांव के नीचे पिंडर नदी किनारे मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां महिला अकेले रोते हुए और मानसिक तनाव की स्थिति में नदी किनारे खड़ी मिली। किसी भी समय अप्रिय घटना होने की आशंका बनी हुई थी।
पुलिस कर्मियों ने धैर्य और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए महिला से संवाद स्थापित किया, उसका मनोबल बढ़ाया और उसे हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। काफी समझाने-बुझाने के बाद महिला को सुरक्षित नदी किनारे से हटाकर पुलिस संरक्षण में लिया गया और सकुशल कोतवाली कर्णप्रयाग लाया गया।
पुलिस की इस त्वरित और मानवीय कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। महिला को आवश्यक काउंसलिंग के बाद थाना थराली पुलिस और उसके परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है।


