घास लेने गई महिला को उतारा मौत के घाट, ग्रामीणों में भारी आक्रोश।

घास लेने गई महिला को उतारा मौत के घाट, ग्रामीणों में भारी आक्रोश।
खबर शेयर करें:

घास लेने गई महिला को उतारा मौत के घाट, ग्रामीणों में भारी आक्रोश।


पौड़ी: गढ़वाल वन प्रभाग की पौड़ी रेंज के अंतर्गत आने वाले कोट ब्लॉक में गुलदार (तेंदुए) का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को कोट ब्लॉक के बाड्यूं गांव में गुलदार ने घास लेने गई एक महिला पर घात लगाकर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। वहीं, वन्यजीवों के आतंक से नाराज ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ भारी गुस्सा देखा जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाड्यूं गांव की रहने वाली प्रभा देवी (पत्नी मातबर सिंह) मंगलवार को अपने पुराने मकान के पास खेतों में घास काटने गई थीं। इसी दौरान वहां झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक उन पर हमला बोल दिया और उन्हें मौत के घाट उतार दिया। जब प्रभा देवी काफी देर तक घर वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों को चिंता हुई। ग्रामीणों के साथ मिलकर उनकी खोजबीन शुरू की गई, जिसके बाद लहूलुहान अवस्था में उनका शव बरामद हुआ। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का मुआयना किया। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की धमक बनी हुई थी। कई बार गुलदार खेतों और आबादी के आसपास भी देखा गया, लेकिन वन विभाग ने समय रहते कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। आक्रोशित ग्रामीणों ने विभाग से प्रभावित क्षेत्र में तुरंत गश्त बढ़ाने, पिंजरा लगाने और आदमखोर गुलदार को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। गुलदार की हरकतों पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। वन अधिकारियों के मुताबिक, क्षेत्र में जरूरत पड़ने पर कैमरा ट्रैप और पिंजरे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही विभाग ने सुरक्षा के लिहाज से स्थानीय लोगों से अकेले जंगल या सुनसान रास्तों पर न जाने और बेहद सतर्क रहने की अपील की है।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->