सगवाड़ा-कुराड़-पार्था मोटर मार्ग की बदहाली पर फूटा जनाक्रोश।
पूर्व विधायक डॉ. जीत राम ने सुनी जनता की पीड़ा।
गैरसैंण, 9 जून। सगवाड़ा-कुराड़-पार्था मोटर मार्ग की जर्जर हालत को लेकर क्षेत्रीय जनता में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले वर्ष बरसात के दौरान सड़क लगभग एक माह तक बंद रही थी, जिससे क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। विभाग द्वारा अस्थायी रूप से मार्ग तो खोल दिया गया, लेकिन उसके बाद सड़क के स्थायी उपचार और सुरक्षा कार्यों की ओर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
क्षेत्रवासियों के अनुसार बरसात का मौसम एक बार फिर दस्तक देने वाला है, लेकिन सड़क की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। मार्ग पर कई स्थानों पर धंसाव, क्षतिग्रस्त हिस्से और मलबा गिरने का खतरा बना हुआ है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के कारण आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक आवश्यकताओं से जुड़े कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार लोक निर्माण विभाग से सड़क सुधार की मांग की, लेकिन विभाग द्वारा बजट की कमी का हवाला देकर मामला टाल दिया गया। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और वे सवाल उठा रहे हैं कि आखिर क्षेत्र की इस गंभीर समस्या का समाधान कब होगा।
इसी बीच पूर्व विधायक डॉ. जीत राम ने सगवाड़ा-कुराड़-पार्था क्षेत्र का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और सड़क की बदहाल स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जनता की मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने संबंधित विभाग और सरकार से बरसात शुरू होने से पहले सड़क की मरम्मत, सुरक्षा दीवारों के निर्माण तथा अन्य आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने भी जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से अपेक्षा जताई कि केवल घोषणाओं और स्वीकृतियों तक सीमित रहने के बजाय धरातल पर भी कार्य दिखाई देना चाहिए। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सड़क सुधार का कार्य शुरू नहीं किया गया तो बरसात के दौरान एक बार फिर क्षेत्र को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
क्षेत्रीय जनता ने प्रशासन से बरसात शुरू होने से पूर्व सड़क की मरम्मत और आवश्यक सुरक्षा कार्य सुनिश्चित करने की मांग दोहराई है।


