मूसापानी में ट्रक पलटने से उत्तर प्रदेश के युवक की मौत।
SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन।
चमोली। जनपद के मूसापानी क्षेत्र में बुधवार (10 जून 2026) को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। घास्तोली से एक खराब थार गाड़ी (UK07HH 7712) को लोड करके बद्रीनाथ ला रहा ट्रक (UP81CT 7683) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया। इस हादसे में ट्रक सवार एक युवक की जान चली गई, जबकि दूसरा व्यक्ति सुरक्षित है।
घटना की सूचना मिलते ही श्री बद्रीनाथ धाम से SDRF और स्थानीय पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। वहां पहले से मौजूद भारतीय सेना और ITBP के जवानों के साथ मिलकर एक संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। ट्रक के भीतर फंसे लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।हादसे में मिंटू (21 वर्ष) पुत्र जयवीर, निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश गंभीर रूप से घायल हो गए थे। SDRF की टीम ने उन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया और एंबुलेंस के जरिए तुरंत श्री बद्रीनाथ अस्पताल भिजवाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं ट्रक में सवार दूसरे व्यक्ति जितेंद्र (47 वर्ष), निवासी मथुरा, उत्तर प्रदेश पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी स्थिति सामान्य है।


