कुमाल्डा मार्ग पर 200 मीटर गहरी खाई में गिरी ऑल्टो कार।
चालक की मौके पर ही मौत।
चम्बा (टिहरी गढ़वाल): उत्तराखंड के पहाड़ी रास्तों पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। टिहरी गढ़वाल के चम्बा क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां कुमाल्डा मोटर मार्ग पर एक अनियंत्रित ऑल्टो कार गहरी खाई में समा गई। इस दर्दनाक हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक में एक ऑल्टो कार (वाहन संख्या: UK07 TC 1995) कुमाल्डा मोटर मार्ग से गुजर रही थी। तभी अचानक धोलागिरी के समीप चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित होकर कार सड़क से सीधे नीचे लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान अमरपाल (पुत्र जय सिंह) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से देहरादून के अजबपुर कला स्थित दीपनगर, सरस्वती विहार के रहने वाले थे। अमरपाल की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया है और दीपा नगर क्षेत्र में शोक की लहर है।
रात के अंधेरे में हादसे की सूचना मिलते ही चौकी कुमाल्डा पुलिस की टीम तुरंत मुस्तैदी के साथ घटनास्थल पर पहुंची। खाई गहरी होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन पुलिस कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला।पुलिस ने शव का पंचनामा भरने की वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे पोस्टमार्टम के लिए दून चिकित्सालय भेज दिया है।


