फॉर्च्यूनर ने स्कूटी को मारी टक्कर।
रामनगर में दो बच्चों के पिता की दर्दनाक मौत।
रामनगर (नैनीताल): रामनगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बसई मोड़ के पास बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक अपने पीछे दो छोटे बच्चों और पत्नी को रोता-बिलखता छोड़ गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से ग्राम कल्याणपुर (मटेला स्याल्दे, जनपद अल्मोड़ा) के रहने वाले दिनेश सिंह पुत्र देव सिंह वर्तमान में पीरूमदारा के भगतपुर तड़ियाल में रह रहे थे। बुधवार दोपहर करीब 1:55 बजे वह अपनी स्कूटी (संख्या UK19A7910) से ग्राम बसई स्थित एमआर कंपनी में ड्यूटी के लिए निकले थे।जैसे ही वह पंजाबी ढाबे के पास बसई मोड़ पर पहुंचे, तभी रामनगर की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार (संख्या HR 1O AK 2500) के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी को सामने से सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दिनेश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में उनकी स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दिनेश की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया है। दो छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है।
पीड़ित पक्ष और स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। अक्सर ऐसे मामलों में लोगों को लगता है कि रसूखदार और बड़ी गाड़ी वाले कानून की कमियों का फायदा उठाकर बच निकलते हैं।
स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी फॉर्च्यूनर चालक के खिलाफ बिना किसी दबाव के सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।



