200 मीटर गहरी खाई में गिरी डस्टर कार।
दो लोगों की मौत।
अल्मोड़ा (उत्तराखंड): जनपद के रानीखेत क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। सोनी बिनसर के पास एक डस्टर वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलने पर पहुंची एसडीआरएफ (SDRF) ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में वाहन काफी नीचे खाई में गिरा होने के कारण घटना का पता तुरंत नहीं चल सका।
खाई में गिरे वाहन तक जब रेस्क्यू टीम पहुंची, तब तक वाहन सवार दोनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पहाड़ी के विषम भूगोल और गहरी खाई के कारण शवों को ऊपर लाने में टीम को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को मुख्य मार्ग तक लाकर जिला पुलिस को सौंप दिया गया।
पुलिस और रेस्क्यू टीम के अनुसार मृतकों में से एक की शिनाख्त हो चुकी है, जबकि दूसरे की पहचान के प्रयास जारी हैं:
जीवन चंद्र जोशी (पुत्र पूरन सिंह जोशी) – निवासी: हल्द्वानी।
अज्ञात व्यक्ति – नाम और पते की जानकारी जुटाई जा रही है।
स्थानीय पुलिस ने शवों को पंचनामा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


