होटल में खाने के पैसे मांगने पर संचालक के सिर पर चौपर से हमला, आरोपी गिरफ्तार।
नन्दानगर (चमोली)। चमोली जिले के थाना नन्दानगर क्षेत्र में एक होटल संचालक पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खाने के पैसे मांगने पर एक युवक ने होटल संचालक के सिर पर लकड़ी काटने वाले चौपर से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मोठा निवासी भवान सिंह नन्दानगर में एक भोजनालय (होटल) चलाते हैं। 17 जून 2026 की रात ग्राम धुर्मा निवासी मान सिंह शराब के नशे में उनके होटल पर खाना खाने आया था। खाना खाने के बाद जब भवान सिंह ने उससे पैसे मांगे, तो आरोपी आगबबूला हो गया। उसने संचालक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर चला गया।
विवाद यहीं शांत नहीं हुआ। कुछ देर बाद आरोपी मान सिंह दोबारा गुस्से में होटल पहुंचा। उसने वहां रखे लकड़ी के चौपर (तेज धारदार हथियार) से भवान सिंह के सिर पर जोरदार वार कर दिया। इस हमले में होटल संचालक को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तारपीड़ित भवान सिंह की लिखित तहरीर पर थाना नन्दानगर में 18 जून 2026 को आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत घटनास्थल का निरीक्षण किया और चश्मदीदों से पूछताछ की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मान सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।


