देहरादून से रुद्रप्रयाग जा रहा परिवार बाल-बाल बचा, महिला घायल।
कीर्तिनगर (टिहरी गढ़वाल): ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कीर्तिनगर के समीप जियालगढ़ में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। इस हादसे में कार सवार एक महिला घायल हो गई हैं, जबकि उनके पति और दो बच्चे चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देहरादून से एक परिवार कार में सवार होकर रुद्रप्रयाग की ओर जा रहा था। जैसे ही उनकी कार कीर्तिनगर क्षेत्र के जियालगढ़ के पास पहुंची, अचानक सड़क पर गिरे पत्थरों के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया। चालक ने कार को संभालने का प्रयास किया, लेकिन गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। दे
इस दुर्घटना में कार सवार रंजना वशिष्ठ (उम्र 40 वर्ष) के सिर में मामूली चोट आई है। गनीमत रही कि उनके पति और दोनों बच्चों को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं।हादसे की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग और मौके पर तैनात पुलिस कर्मी तुरंत मदद के लिए दौड़े। उन्होंने घायल रंजना वशिष्ठ को कार से बाहर निकाला और तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार महिला की स्थिति खतरे से बाहर है। पुलिस ने हाईवे से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात सुचारू करवा दिया है।


