करंट की चपेट में आने से कई बकरियों की मौत।
ग्रामीणों में भारी रोष।
नीति मार्ग पर दर्दनाक हादसा।
जोशीमठ (चमोली)। जोशीमठ-नीति बॉर्डर मार्ग पर सुराईथोठा के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ अचानक बिजली के तारों में करंट उतरने से उसकी चपेट में आकर कई बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से प्रभावित पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान पहुँचा है। हादसे के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में ऊर्जा निगम के खिलाफ गहरा आक्रोश है। सूचना मिलने के बाद विद्युत विभाग और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुँचकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
अचानक तारों में दौड़ा करंट, तड़प-तड़प कर मरीं बकरियां
स्थानीय निवासी लक्ष्मण सिंह बुटोला ने बताया कि सुराईथोठा से करीब 4 किलोमीटर आगे 'ग्वाड' नामक स्थान पर पशुपालक अपनी बकरियों को चुगा रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली के तारों में तेज करंट दौड़ गया। बताया जा रहा है कि तार काफी नीचे लटके हुए थे या किसी तकनीकी खराबी के कारण करंट जमीन तक फैल गया। बकरियां सीधे इसकी चपेट में आ गईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने पीड़ित गरीब पशुपालक की आजीविका को देखते हुए प्रशासन से तुरंत उचित मुआवजा देने की गुहार लगाई है।
प्रशासन और ऊर्जा निगम ने शुरू की जांच, मुआवजे का भरोसा
घटना की गंभीरता को देखते हुए जोशीमठ के उप जिलाधिकारी (SDM) चंद्रशेखर वशिष्ट ने कहा कि प्रशासन मामले पर पूरी नजर रख रहा है। उन्होंने बताया कि राजस्व और विद्युत विभाग की संयुक्त टीम को तुरंत घटना स्थल पर भेज दिया गया था। बिजली विभाग की टीम नुकसान का सटीक आकलन कर रही है। एसडीएम ने भरोसा दिलाया है कि जैसे ही संयुक्त जांच रिपोर्ट प्रशासन को मिलेगी, नियमानुसार प्रभावित पशुपालक को जल्द से जल्द उचित आर्थिक सहायता और मुआवजा प्रदान किया जाएगा।


