होमस्टे में नव विवाहित महिला की संदिग्ध मौत।
मुंह और कमरे में मिले खून के निशान।
जांच में जुटी पुलिस।
मसूरी:पहाड़ों की रानी मसूरी के पास एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित कियाना टिपरीधार क्षेत्र के एक होमस्टे में ठहरी एक नवविवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार सुबह महिला का शव कमरे में बेसुध हालत में मिला, जिसके मुंह से खून निकल रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची, जहां स्वास्थ्यकर्मियों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कमरे के भीतर खून के निशान मिलने से मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है।
प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मृतका की पहचान राधा गायत्री (27 वर्ष), पत्नी सौम्या श्रीचरण, निवासी शकरपुर, पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों का विवाह हाल ही में 8 नवंबर 2025 को हुआ था। पति सौम्या श्रीचरण पुणे की एक आईटी कंपनी में कार्यरत है, जबकि राधा गायत्री गुरुग्राम में नौकरी करती थीं। दंपती 13 जून को दिल्ली से उत्तराखंड घूमने निकले थे। ऋषिकेश घूमने के बाद वे 14 जून की रात करीब 11:30 बजे इस होमस्टे में आकर रुके थे।
पुलिस के अनुसार, दंपती रविवार रात करीब 3:30 बजे सोने चले गए थे। सोमवार सुबह जब पति की नींद खुली, तो उसने राधा गायत्री को बिस्तर पर बेसुध पाया और उसके मुंह से खून बह रहा था। घबराए पति ने तुरंत होमस्टे संचालक और पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस को घटनास्थल (कमरे के भीतर) से भी खून के कुछ निशान मिले हैं, जिसे देखते हुए फॉरेंसिक और पुलिस टीम ने कमरे से कई साक्ष्य जुटाए हैं।
घटना की जानकारी मृतका के परिजनों को दे दी गई है, जो आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से मसूरी के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह क्या है, इसका सटीक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या, आत्महत्या और बीमारी समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से तफ्तीश कर रही है। परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


