हरिद्वार, 07 जून 2026। किश्ती नहर में पांच दिनों से लापता युवक का शव आखिरकार SDRF की सघन सर्चिंग के दौरान बरामद कर लिया गया। लगातार चलाए जा रहे खोज अभियान के बाद पुराने पथरी पावर हाउस के समीप नहर में युवक का शव दिखाई दिया, जिसके बाद SDRF टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, बरामद शव की पहचान सचिन कुमार (23 वर्ष) पुत्र श्री पप्पू, निवासी रावली महदूद, हरिद्वार के रूप में हुई है। सचिन 02 जून 2026 को किश्ती नहर में नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गए थे। घटना के बाद से SDRF की टीम लगातार क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चला रही थी।
रविवार को पुराने पथरी पावर हाउस के पास शव दिखाई देने पर SDRF ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर उसे नहर से बाहर निकाला। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
SDRF की टीम ने पिछले कई दिनों तक लगातार खोजबीन जारी रखी, जिसके बाद युवक का शव बरामद हो सका। घटना से मृतक के परिवार में शोक की लहर है।


