देवप्रयाग संगम में डूबे युवक का शव 4 दिन बाद ब्यास घाट से बरामद।
देवप्रयाग: देवप्रयाग संगम पर गंगा नदी में डूबे उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी युवक रजत तोमर का शव आखिरकार चार दिन बाद बरामद कर लिया गया है। एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने गुरुवार (11 जून) को ब्यास घाट क्षेत्र से शव को ढूंढ निकाला।बता दें कि बीती 07 जून 2026 को रजत तोमर देवप्रयाग संगम में नहाते समय अचानक नदी के तेज बहाव में बह गया था। हादसे के बाद से ही एसडीआरएफ की टीम स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थी।गुरुवार को कड़े प्रयासों के बाद टीम को ब्यास घाट के पास एक शव दिखाई दिया। मौके पर मौजूद परिजनों ने मृतक की पहचान रजत तोमर के रूप में की है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। एसडीआरएफ के अधिकारियों के मुताबिक, क्षेत्र में पूर्व में डूबे अन्य लोगों की तलाश के लिए भी सर्च अभियान लगातार जारी है।


