सगे भाई का कातिल निकला छोटा भाई।
नशे और अय्याशी के लिए उड़ाए थे हज पर गए माता-पिता के 10 लाख।
टोकने पर मार दी गोली।
देहरादून। राजधानी देहरादून के बुड्ढी गांव (पटेलनगर) में हुए सनसनीखेज सोहेल हारून हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर चौंकाने वाला खुलासा कर दिया है। सगे बड़े भाई का हत्यारा कोई और नहीं, बल्कि उसका सगा छोटा भाई शाहिद हारून ही निकला। नशे, अय्याशी और महंगे शौक पूरे करने के जुनून ने छोटे भाई को इस कदर अंधा कर दिया कि उसने अपने ही भाई की जान ले ली।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शाहिद हारून स्मैक और अन्य घातक नशों का आदी है। दोस्तों के बीच रसूख दिखाने के लिए वह अक्सर घर पर पैसों का दबाव बनाता था। कुछ दिन पहले ही उसके माता-पिता हज यात्रा पर गए थे। उनके जाते ही शाहिद ने पिता का एटीएम कार्ड चोरी किया और चुपके से करीब 10 लाख रुपये निकालकर अपनी अय्याशी में उड़ा दिए।
जब बड़े भाई सोहेल हारून को इस भारी-भरकम चोरी का पता चला, तो दोनों भाइयों में तीखा विवाद हुआ। सोहेल अक्सर शाहिद की नशे की लत और फिजूलखर्ची पर टोकता था, और इस बार उसने शाहिद की जमकर पिटाई भी कर दी थी। इसी बात से गुस्साए शाहिद ने अपने सगे भाई को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
वारदात से 2 दिन पहले बंद किए सीसीटीवी कैमरे: आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम देने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया। उसने घटना से दो दिन पहले ही घर के सभी सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग (DVR) बंद कर दी थी और कैमरों को केवल 'लाइव मोड' पर डाल दिया था ताकि कोई सबूत न बचे।देर रात अवैध पिस्टल से सीने में दाग दी गोली: 14 जून की रात को जैसे ही मौका मिला, शाहिद ने अपने पास छिपाकर रखी हुई 32 बोर की अवैध देशी पिस्टल निकाली और सोहेल को गोली मार दी। गोली लगने से सोहेल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।


