200 मीटर गहरी खाई में गिरा वाहन।
तीन लोग घायल, महिला की हालत गंभीर।
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रुद्रप्रयाग जिले के विकासखंड जखोली के अंतर्गत बजीरा-जखोली मोटर मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ एक अनियंत्रित वाहन मुख्य मार्ग से करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के वक्त वाहन में तीन लोग सवार थे, जो गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में एक महिला की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10:19 बजे पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को इस वाहन दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन तुरंत एक्शन मोड में आ गया।
सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य के लिए जिला आपदा मोचन बल (DDRF) की टीम, तहसील जखोली प्रशासन, स्थानीय पुलिस बल और 108 आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा को तुरंत मौके के लिए रवाना किया गया।स्थानीय लोगों के सहयोग से निकाला बाहरचौकी जखोली से मिली जानकारी के मुताबिक, रेस्क्यू टीम ने घटनास्थल पर पहुँचकर स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से तुरंत राहत कार्य शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने सूझबूझ और कड़ी मशक्कत के बाद खाई में फंसे तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) जखोली भिजवाया गया, जहाँ उनका उपचार चल रहा है।
दुर्घटना में घायल हुए तीनों लोग चमोली और रुद्रप्रयाग क्षेत्र के निवासी हैं, जिनकी पहचान इस प्रकार हुई है:राजीव कुमार (46 वर्ष) पुत्र मोहन लाल, निवासी ललूड़ी, जखोली (वाहन चालक)गजेन्द्र (40 वर्ष) पुत्र विक्रम सिंह, निवासी काण्डई, मयालीछुम्मा देवी (55 वर्ष) पत्नी धनी राम, निवासी ऐकलिंग बुढना (इनकी हालत गंभीर बनी हुई है)हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस की टीमें दुर्घटना के मुख्य कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच कर रही हैं।


