ज्योतिर्मठ में कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक संपन्न, बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं ने ग्रहण की पार्टी की सदस्यता।
ज्योतिर्मठ। नगर पालिका सभागार, ज्योतिर्मठ में सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं नगर कांग्रेस कमेटी की संयुक्त संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा आगामी कार्यक्रमों की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं युवाओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी का दामन थामा।
बैठक में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुरेश डिमरी, ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी, अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष सूरज सैलानी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने तथा आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी अपने सुझाव रखते हुए संगठन को अधिक मजबूत एवं जन-जन तक पहुंचाने पर बल दिया। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता और सक्रिय भागीदारी से संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा तथा जनता से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।
इस अवसर पर दर्जनों महिलाओं एवं युवाओं ने कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा में विश्वास व्यक्त करते हुए बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला की मौजूदगी में कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। विधायक ने सभी नवप्रवेशी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि उनके जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, जनहित के मुद्दों पर मजबूती से आवाज उठाने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया।


