बसुकेदार के गांवों में पहुंचे पूर्व विधायक मनोज रावत।
रुद्रप्रयाग/केदारनाथ:
इंडियन नेशनल कांग्रेस (Indian National Congress) उत्तराखंड के वरिष्ठ नेता और केदारनाथ विधानसभा के पूर्व विधायक मनोज रावत ने बसुकेदार तहसील के अंतर्गत आने वाले विभिन्न गांवों का व्यापक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पिछले वर्ष अगस्त महीने में आई भीषण आपदा से प्रभावित क्षेत्रों का जमीनी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर आपदा के दंश और सरकार द्वारा दी जा रही आपदा राहत राशि व पुनर्वास कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने मनोज रावत को बताया कि पिछले साल अगस्त में आई आपदा ने उनके घरों, जमीनों और रास्तों को भारी नुकसान पहुंचाया था। ग्रामीणों का आरोप है कि आपदा के इतने महीने बीत जाने के बाद भी शासन-प्रशासन की ओर से पर्याप्त आपदा राहत सामग्री और मुआवजा नहीं मिल पाया है। कई बुनियादी सुविधाएं अब भी ठप पड़ी हैं, जिससे जनता में गहरा असंतोष है।
पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा कि "बसुकेदार तहसील के बड़ेथ, पाटीयों, छेनागाड़ और बस्टी में आपदा का दंश झेल रहे लोग आज भी बेसहारा महसूस कर रहे हैं। सरकार के आपदा राहत के दावे जमीन पर पूरी तरह खोखले साबित हुए हैं। हम जनता की इस लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक लड़ेंगे और प्रभावितों को उनका हक और उचित मुआवजा दिलाकर ही दम लेंगे।"




