सत्यनारायण मंदिर के पास 400 मीटर गहरी खाई में गिरा युवक।
SDRF ने सूझबूझ से सुरक्षित निकाला।
नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले से राहत भरी खबर सामने आई है। यहां सत्यनारायण मंदिर टंकी मोड़ के समीप सोमवार को एक युवक अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बेहद चुनौतीपूर्ण हालातों में युवक का सफल रेस्क्यू कर उसकी जान बचा ली।
जिला कंट्रोल रूम, नैनीताल से सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंच कर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
SDRF के जांबाजों ने जान की परवाह न करते हुए रस्सी के सहारे लगभग 400 मीटर गहरी खाई में उतरकर घायल युवक तक पहुंच बनाई। कड़ी मशक्कत के बाद संयुक्त प्रयासों से घायल व्यक्ति, जिसकी पहचान गौरव डांगी (27 वर्ष) पुत्र श्री केसर सिंह डांगी के रूप में हुई, को सुरक्षित खाई से बाहर निकाल लिया गया।
खाई से बाहर निकालने के बाद रेस्क्यू टीम ने घायल गौरव को मौके पर ही तुरंत प्राथमिक चिकित्सा सहायता (First Aid) प्रदान की। इसके बाद उन्हें एम्बुलेंस के माध्यम से त्वरित इलाज के लिए जिला चिकित्सालय, नैनीताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है। समय पर मिली सूचना और SDRF की मुस्तैदी से युवक को सुरक्षित बचा लिया गया।


