चलती कार बनी आग का गोला।
हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर मची अफरा-तफरी।
चालक की सूझबूझ से बची जान।
हरिद्वार। हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत यह रही कि कार चालक की सतर्कता और दमकल विभाग की मुस्तैदी के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
मिली जानकारी के मुताबिक, एक टाटा जेस्ट कार हरिद्वार से नजीबाबाद की तरफ जा रही थी। जैसे ही कार रसियाबड़ के पास पहुंची, अचानक उसके बोनट से तेज धुआं निकलने लगा। खतरे को भांपते हुए चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और गाड़ी को सड़क किनारे रोककर समय रहते बाहर निकल गया। देखते ही देखते कार से आग की लपटें उठने लगीं, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
चालक की सूचना पर थाना प्रभारी नितेश शर्मा तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित किया। दमकल की गाड़ी आने से पहले पुलिसकर्मियों ने स्थानीय स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। बाद में मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया, लेकिन तब तक कार का अगला हिस्सा काफी हद तक जल चुका था। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।


