बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित अनियमितता के विरोध में जोशीमठ में कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार का पुतला फूंका।
जोशीमठ। बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के चढ़ावे के धन को लेकर सामने आई कथित अनियमितताओं के विरोध में सोमवार को जोशीमठ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने मुख्य बाजार में एकत्र होकर राज्य सरकार और श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा सरकार का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बद्रीनाथ धाम जैसे देश के प्रमुख धार्मिक स्थल पर चढ़ावे के धन को लेकर जिस प्रकार के आरोप सामने आए हैं, उससे करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच कराई जानी चाहिए और यदि जांच में किसी भी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मंदिरों में आने वाला चढ़ावा श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक है और उसके प्रबंधन में पूर्ण पारदर्शिता होना आवश्यक है। उनका कहना था कि इस पूरे प्रकरण ने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने कहा कि सरकार को इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए तथा श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को भंग कर नई समिति का गठन किया जाए, जिससे मंदिरों की व्यवस्था में पारदर्शिता और श्रद्धालुओं का विश्वास कायम रह सके।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी जनआंदोलन को और तेज करेगी तथा प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।
प्रदर्शन में कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।


