सड़क की बदहाली पर घिरे PWD मंत्री सतपाल महाराज, UKD ने किया जोरदार घेराव।
पौड़ी गढ़वाल / चौबट्टाखाल:उत्तराखंड सरकार के कद्दावर कैबिनेट और पीडब्ल्यूडी मंत्री सतपाल महाराज अपने ही गृह विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के दौरे के दौरान जनता और विपक्ष के निशाने पर आ गए हैं। इलाके में सड़कों की बदहाल स्थिति और विकास कार्यों की धीमी रफ्तार से नाराज उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) के नेताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने मंत्री के काफिले को बीच सड़क पर ही रोक कर उनका जोरदार घेराव किया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस घटनाक्रम के वीडियो के अनुसार, यूकेडी (UKD) नेता बलवंत गुसाईं की अगुवाई में स्थानीय लोगों ने मंत्री के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की। इस दौरान माहौल तब और गरमा गया जब मंत्री के पुत्र सुयेश रावत और यूकेडी नेता बलवंत गुसाईं के बीच तीखी नोक-झोंक देखने को मिली। जनता का साफ कहना है कि पूरे सूबे की सड़कों का जिम्मा संभालने वाले मंत्री के अपने खुद के क्षेत्र की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे रोजमर्रा का सफर जानलेवा बना हुआ है।
लोक निर्माण मंत्री होने के बावजूद चौबट्टाखाल और पौड़ी क्षेत्र के आंतरिक मोटर मार्गों की हालत बेहद जर्जर है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय बड़े-बड़े आश्वासन दिए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत जस की तस बनी हुई है।
उत्तराखंड क्रांति दल क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं, जैसे स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और बदहाल कनेक्टिविटी को लेकर लगातार मुखर है और अब सीधे मंत्रियों के घेराव की रणनीति पर उतर आया है।इस अचानक हुए विरोध प्रदर्शन और बीच सड़क पर घिरे कैबिनेट मंत्री के वीडियो ने प्रदेश की सियासत में एक बार फिर लोक निर्माण विभाग (PWD) की कार्यप्रणाली और पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क मार्ग की सुस्त विकास योजनाओं पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।


