सेंट्रियो मॉल के सामने सर्वे ऑफ इंडिया की दीवार गिरी, मलबे में दबा व्यक्ति।
देहरादून। राजधानी देहरादून में मंगलवार को सेंट्रियो मॉल के सामने अचानक सर्वे ऑफ इंडिया की दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के दौरान दीवार के पास चाय का ठेला लगाने वाले विनोद (53) के पास बैठा एक अज्ञात व्यक्ति मलबे की चपेट में आकर दब गया।
दीवार गिरने की सूचना मिलते ही हाथीबड़कला चौकी और कोतवाली डालनवाला पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और मलबे में दबे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसे में घायल व्यक्ति को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से दून अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।
अचानक दीवार गिरने से मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग द्वारा मौके का निरीक्षण किया जा रहा है।


