गुप्तकाशी के पास खाई में गिरी बाइक, तीन लोग घायल—एक का रेस्क्यू, दो के लिए बचाव अभियान जारी।
रुद्रप्रयाग। गुप्तकाशी क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सेमी-भैंसारी गांव के समीप एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। बाइक पर तीन लोग सवार बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, 18 अगस्त 2026 की शाम आपातकालीन नंबर 112 के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही जनपद पुलिस नियंत्रण कक्ष ने थाना गुप्तकाशी, एचपी-3 पुलिस बल, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, 108 एंबुलेंस और आपदा नियंत्रण कक्ष को अलर्ट किया।
मौके पर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की संयुक्त टीमों ने खाई में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने एक घायल व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घायल को तत्काल 108 एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि भेजा गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।
वहीं, खाई में मौजूद अन्य दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। अंधेरा होने के बावजूद बचाव दल अभियान में जुटा हुआ है।
रेस्क्यू किए गए व्यक्तियों की पहचान संदीप (22 वर्ष), विजय (19 वर्ष) एवं सुरजीत (21 वर्ष), निवासी शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।


