तुंगनाथ-चंद्रशिला में स्थानीय निवासी की अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचते ही मौत।
रुद्रप्रयाग। तुंगनाथ-चंद्रशिला क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बेहोशी की हालत में मिले व्यक्ति को डीडीआरएफ और आपदा मित्र टीम ने ऑक्सीजन देते हुए स्ट्रेचर के जरिए चोपता पहुंचाया। इसके बाद उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे तुंगनाथ स्थित चंद्रशिला लॉज में ठहरे 45 वर्षीय दिनेश सिंह नेगी पुत्र पान सिंह नेगी, निवासी पोखरी/कलसिर, जिला चमोली की अचानक तबीयत खराब हो गई। स्थानीय होटल संचालक से सूचना मिलने के बाद जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) रुद्रप्रयाग के निर्देश पर डीडीआरएफ और आपदा मित्र टीम चोपता तत्काल मौके पर पहुंची।
रेस्क्यू टीम को व्यक्ति बेहोशी की हालत में मिला। टीम ने तत्काल ऑक्सीजन उपलब्ध कराई और स्थानीय लोगों की मदद से स्ट्रेचर के जरिए उन्हें चोपता तक पहुंचाया। इसके बाद स्थानीय वाहन से उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ ले जाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दिनेश सिंह नेगी को मृत घोषित कर दिया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा गया था। टीम ने व्यक्ति को प्राथमिक सहायता और ऑक्सीजन देते हुए चोपता पहुंचाया, जहां से उन्हें अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है।
फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


