पौड़ी के महरगांव में बड़ा हादसा: दो मंजिला मकान भरभराकर ढहा, बच्चे समेत 3 मलबे में दबे होने की आशंका।
पौड़ी। भारी बारिश के बीच पौड़ी गढ़वाल के महरगांव में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां एक दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर ढह गया, जिससे मकान में मौजूद चार लोग मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों की तत्परता से एक महिला को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उसे तत्काल सतपुली हंस चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं करीब 2 साल के बच्चे समेत तीन लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।
सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, प्रशासन और अन्य राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी। घटनास्थल पर एंबुलेंस और मेडिकल टीम भी तैनात की गई है।
लगातार बारिश के चलते रेस्क्यू अभियान में भी चुनौती सामने आ रही है। जिले के कई क्षेत्रों में सड़कें प्रभावित होने से राहत-बचाव टीमों की आवाजाही प्रभावित हुई है। प्रशासन की ओर से बाधित मार्गों को खोलने के लिए जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं।
फिलहाल सबसे बड़ी चिंता मलबे में दबे तीन लोगों को लेकर है। एसडीआरएफ और अन्य टीमें लगातार रेस्क्यू अभियान में जुटी हैं।


