पीपलकोटी सुरंग हादसा: मृतकों के परिजनों को 2 लाख, गंभीर घायलों को 50 हजार की अतिरिक्त मदद।

पीपलकोटी सुरंग हादसा: मृतकों के परिजनों को 2 लाख, गंभीर घायलों को 50 हजार की अतिरिक्त मदद।
खबर शेयर करें:

पीपलकोटी सुरंग हादसा: मृतकों के परिजनों को 2 लाख, गंभीर घायलों को 50 हजार की अतिरिक्त मदद।


प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मिलेगी अनुग्रह राशि, पीएमओ ने चमोली प्रशासन को भेजे निर्देश; दस्तावेज और बैंक विवरण जुटाने की प्रक्रिया शुरू।

चमोली, 20 अगस्त। पीपलकोटी क्षेत्र में टीएचडीसी की निर्माणाधीन सुरंग में 13 अगस्त को हुए दर्दनाक हादसे के पीड़ित परिवारों के लिए केंद्र सरकार ने अतिरिक्त आर्थिक सहायता की घोषणा की है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के निकटतम आश्रितों को 2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।

इस संबंध में प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से चमोली जिलाधिकारी को आधिकारिक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। पीएमओ के अवर सचिव प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने प्रशासन को सहायता राशि के भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

पीड़ितों के दस्तावेज जुटाने में जुटा प्रशासन

निर्देश मिलने के बाद जिला प्रशासन ने हादसे में प्रभावित मृतकों के परिजनों और गंभीर घायलों से संबंधित आवश्यक दस्तावेज तथा बैंक खातों का विवरण जुटाना शुरू कर दिया है। सहायता राशि के त्वरित हस्तांतरण के लिए लाभार्थियों का विवरण और जरूरी दस्तावेज आधिकारिक एक्स-ग्रेशिया पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे।

राहत राशि जल्द पहुंचाने की कवायद

जिला प्रशासन के अनुसार प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से स्वीकृत सहायता राशि के लिए आवश्यक प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि हादसे से प्रभावित परिवारों को स्वीकृत आर्थिक सहायता जल्द उपलब्ध कराई जा सके।

13 अगस्त को पीपलकोटी क्षेत्र में टीएचडीसी की निर्माणाधीन सुरंग में हुए हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान चलाया गया था। हादसे ने निर्माणाधीन सुरंगों में श्रमिकों की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->