नर्सिंग कॉलेज के स्टोर से तार चोरी का खुलासा, हरिद्वार से दो आरोपी गिरफ्तार।
**रुद्रप्रयाग।** जनपद रुद्रप्रयाग के ग्राम कोठगी स्थित निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज के स्टोर का ताला तोड़कर बिजली के तांबे के तार और अन्य सामग्री चोरी करने के मामले में रुद्रप्रयाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में शामिल दो आरोपियों को हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त 2026 को कार्यदायी संस्था आरपी इन्फ्रापॉवर प्रा. लि. के प्रतिनिधि ने कोतवाली रुद्रप्रयाग में तहरीर देकर बताया था कि कोठगी स्थित निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज के स्टोर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर विभिन्न माप के बिजली के तांबे के तार समेत अन्य निर्माण सामग्री चोरी कर ले गए हैं।
तहरीर के आधार पर कोतवाली रुद्रप्रयाग में मु0अ0सं0 52/2026, धारा 305(ए) भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना चौकी प्रभारी घोलतीर उपनिरीक्षक जयवीर सिंह को सौंपी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने स्थानीय मुखबिर तंत्र, सुरागरसी-पतारसी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। लगातार छानबीन के बाद पुलिस टीम ने 18 अगस्त 2026 को सिडकुल, हरिद्वार क्षेत्र से दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और चोरी की घटना से संबंधित आवश्यक साक्ष्य एवं माल बरामद होने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हसीन पुत्र मुरसलीन, उम्र 20 वर्ष तथा सावन पुत्र जातीराम, उम्र 19 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम डालूवाला कलां, थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।
दोनों गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस द्वारा **आज न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा ।


