रातभर अपनों को तलाशते रहे परिजन, सुबह खाई में मिली कार… सेना के जवान की दर्दनाक मौत।
**नंदानगर (चमोली)।** कुरूड-लुंतरा मोटरमार्ग पर चंचोली गधेरे के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय सेना के जवान की मौत हो गई। स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार **12 गढ़वाल स्काउट में तैनात जवान संदीप गौड़, निवासी कुरूड गांव** की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद जवान के परिजन रातभर उनकी तलाश में भटकते रहे। अंधेरा और लगातार बारिश के कारण दुर्घटना का पता नहीं चल सका। परिजनों को उम्मीद थी कि संदीप कहीं सुरक्षित होंगे, लेकिन सुबह हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
चंचोली गधेरे के पास कार के गहरी खाई में गिरे होने की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत-बचाव अभियान शुरू किया। खाई से जवान का शव बरामद किया गया।
संदीप भारतीय सेना की **12 गढ़वाल स्काउट** में अपनी सेवाएं दे रहे थे। जवान की मौत की खबर गांव में पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


